समय से पूर्व रजोनिवृत्ति (Early Menopause)

20th March, 2023 • 5 min read

रजोनिवृत्ति समय से पहले तब मानी जाती है जब एक महिला की माहवारी 45 वर्ष की आयु से पहले बंद हो ​​जाती है। यह प्राकृतिक कारणों से या कुछ उपचारों के दुष्प्रभाव से हो सकता है।

यह लेख मूल रूप से अंग्रेजी में लिखा गया था। इस लेख का मूल संस्करण यहां देखा जा सकता है। यह Juliet Blank द्वारा लिखा गया है और Dr Ann Nainan ने इसकी मेडिकल समीक्षा की है।

ज्यादातर महिलाओं में, रजोनिवृत्ति 45 और 55 की उम्र के बीच शुरू होती है।

यदि आप 45 वर्ष से कम उम्र की हैं और आपको लग रहा है कि आपकी माहवारी असामान्य और कम हो रही है, या पूरी तरह से रुक गयी है तो आपको अपने डॉक्टर से बात करनी चाहिए।

रजोनिवृत्ति समय पूर्व होने के कारण

अंडाशय का काम करना बंद कर देना (The ovaries stop working)

यदि महिला के अंडाशय सामान्य स्तर पर कुछ हार्मोन बनाना बंद कर देते हैं, विशेष रूप से एस्ट्रोजन हार्मोन, तो प्राकृतिक रूप से उनमें रजोनिवृत्ति जल्‍दी हो सकती है।

इसे कभी-कभी समय से पहले ओवरी का काम करना बंद कर देना या प्रायमरी ओवरी इनसफिशिएंसी कहा जाता है।

समय से पहले ओवरी द्वारा काम बंद कर देने का कारण अक्सर पता नहीं होता है, लेकिन कुछ महिलाओं में इसके ये कारण हो सकते हैं :

  • गुणसूत्र या क्रोमोज़ोम में असामान्यताएं - जैसे टर्नर सिंड्रोम से प्रभावित महिलाओं में
  • ऑटोइम्यून बीमारी - जहां प्रतिरक्षा प्रणाली स्‍वयं अपने शरीर के टिस्सुस (tissus) पर हमला करना शुरू कर देती है
  • कुछ संक्रमण, जैसे तपेदिक (टीबी), मलेरिया और मम्प्स - लेकिन ऐसा बहुत कम होता है

समय से पहले ओवरी द्वारा काम बंद कर देने की समस्या आनुवंशिक हो सकती है। यह तब हो सकता है यदि आपके किसी रिश्तेदार को बहुत कम उम्र (बीस साल से तीसवें साल की शुरूआत के बीच में) में रजोनिवृत्ति हुई हो।

कैंसर का इलाज

रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी समय से पहले ओवरी के काम बंद कर देने का कारण बन सकती है। यह स्थायी या अस्थायी हो सकता है।

रजोनिवृत्ति जल्‍दी होने की सम्भावना इन बातों पर निर्भर करेगी :

  • आपकी उम्र - जिन लड़कियां की प्युबर्टी नहीं शुरू हुई है, वे वृद्ध महिलाओं की तुलना में अधिक सख्‍त उपचार को सहन कर सकती हैं।
  • किए गए उपचार के प्रकार - विभिन्न प्रकार के कीमोथेरेपी ओवरी पर अलग तरह के प्रभाव डाल सकती हैं
  • आपके शरीर में किस जगह पर रेडियोथेरेपी की जाती है - यदि आपके मस्तिष्‍क या पेल्विस के आसपास रेडियोथेरेपी की गयी है तो समय से पहले रजोनिवृत्ति होने का खतरा अधिक होता है।

ओवरी को हटाने के लिए सर्जरी

सर्जिकल रूप से दोनों अंडाशयों को हटाने से समय से पहले या जल्‍दी रजोनिवृत्ति हो जाएगी।

उदाहरण के लिए, हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय को हटाने के लिए ऑपरेशन) के दौरान अंडाशय को हटाने की आवश्यकता हो सकती है।

रजोनिवृत्ति पहले होने के लक्षण

रजोनिवृत्ति पहले होने का मुख्य लक्षण माहवारी का असामान्य होना या बिना किसी अन्य कारण के पूरी तरह से रुक जाना (जैसे गर्भावस्था) है।

कुछ महिलाओं में रजोनिवृत्ति के अन्य खास लक्षण भी हो सकते हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • गर्म पसीना आना
  • रात को पसीना आना
  • योनि में सूखापन और यौन संबंध बनाने के दौरान असुविधा
  • सोने में कठिनाई
  • उदासी या
    चिंता
  • कामेच्छा (लिबीडो) में कमी
  • याददाश्‍त और ध्‍यान केंद्रित करने में समस्या

रजोनिवृत्ति के लक्षणों के बारे में और पढ़ें

जिन महिलाओं में जल्दी रजोनिवृत्ति हो जाती है, उनके इस्ट्रोजन हार्मोन के स्तर में कमी के कारण ऑस्टियोपोरोसिस और हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है।

समय से पूर्व रजोनिवृत्ति होने का निदान

डॉक्टर आपके लक्षणों, आपकी पारिवारिक हिस्ट्री और रक्त परीक्षण के द्वारा आपके हार्मोन के स्तर की जांच करके इनके आधार पर समय पूर्व रजोनिवृत्ति होने की पहचान कर सकते हैं।

आपको किसी विशेषज्ञ के पास जाने की सलाह दी जा सकती है।

समय पूर्व रजोनिवृत्ति के उपचार

रजोनिवृत्ति जल्‍दी होने के लिए मुख्य उपचार या तो कंबाइंड गर्भनिरोधक गोली या एचआरटी(HRT) है, जिसे आपके शरीर में हार्मोन (जिनकी कमी हो) को पूरा करने के लिए दिया जाता है।

डॉक्टर संभवतः आपको स्थायी इलाज के रूप में इस उपचार को लंबे समय तक कराने की सलाह देंगे, रजोनिवृत्ति की "सामान्य" उम्र तक (औसतन 52 के आसपास)।

यदि आपको कुछ प्रकार के कैंसर, जैसे स्तन कैंसर, हुए हों, तो हो सकता है कि हार्मोनल उपचार आपके लिए उपयुक्त नहीं हो।

डॉक्टर आपसे अन्य प्रकार के उपचार के विकल्प और जीवनशैली में बदलाव के बारे में बात करेंगे जिससे आप अपने स्वास्थ्य को सही रख सकती हैं।

यदि आपको अभी भी कोई लक्षण हैं, तो डॉक्टर आपको स्पेशलिस्ट रजोनिवृत्ति केंद्र भेज सकते हैं।

रजोनिवृत्ति के लक्षण के उपचार के बारे में और पढ़ें।

सहायता

समय से पूर्व रजोनिवृत्ति होने से बहुत मुश्किल और परेशानी हो सकती है।

स्थायी रूप से समय पूर्व रजोनिवृत्ति होने से बच्चे पैदा करने की आपकी क्षमता पर प्रभाव पड़ेगा। यह स्थिति सभी उम्र की महिलाओं के लिए एक बड़ी समस्या हो सकती है।

आपके पास अभी भी आईवीएफ(IVF) और किसी अन्य महिला के दान किए गए डिम्‍ब(एग) से या यदि आपने कुछ डिम्‍ब स्टोर कराये थे, तो उनका उपयोग करके बच्चे पैदा करने के विकल्प मौजूद हैं। साथ ही साथ आप सरोगेसी और गोद लेने पर भी विचार कर सकती हैं।

परामर्श और सहायता ग्रूप मददगार हो सकते हैं।

यहां कुछ ऐसी संगठन और वेबसाइटें दी गई हैं जिन्‍हें आप आज़मा सकती हैं :

  • डेज़ी नेटवर्क(
    The Daisy Network
    ) - समय से पहले ओवरी के काम बंद करने से प्रभावित महिलाओं के लिए सहायता समूह।
  • Healthtalk.org
    – समय से पहले रजोनिवृत्ति के बारे में जानकारी प्रदान की जाती है, जिसमें महिलाएं अपने स्वयं के अनुभवों के बारे में बात करती हैं।
  • फर्टिलिटी फ्रैंड(
    Fertility friends
    ) - प्रजनन समस्याओं वाले लोगों के लिए समर्थन नेटवर्क।
  • ह्यूमन फर्टिलाइज़ेशन एंड एम्ब्रियोलॉजी एथॉरिटी (
    HFEA
    ) – यह सभी प्रकार के प्रजनन उपचार के बारे में जानकारी प्रदान करता है।

महत्वपूर्ण सूचना: हमारी वेबसाइट उपयोगी जानकारी प्रदान करती है लेकिन ये जानकारी चिकित्सीय सलाह का विकल्प नहीं है। अपने स्वास्थ्य के बारे में कोई निर्णय लेते समय आपको हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।